दिल्ली में हर तरफ लहराए राम नामी झंडे….

नई दिल्ली: राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर देश की राजधानी दिल्ली राममय हो गई। सोमवार सजावट हर तरफ नजर आई। सड़कों व गलियों में दिन भर राम नाम के झंडे लहराते रहे। जगह-जगह सजावट में लगे फूल खुशबू बिखेर रहे थे।

मंदिरों में सुबह से रामनाम की धुन गूंजने लगी। दिन चढ़ते ही बाजारों, मंदिरों व आवासीय इलाकों में लगी स्क्रीन पर दिल्लीवासियों ने अयोध्या से प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव लाइव देखा। केंद्रीय मंत्री अमित शाह, राजनाथ सिंह, अश्विनी वैष्णव समेत दूसरे केंद्रीय मंत्री दिल्ली के अलग-अलग मंदिरों में महोत्सव के साक्षी बने। उधर, मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, उनके कैबिनेट सहयोगी और विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित भंडारे में पहुंचे। इस दौरान आप नेताओं ने शोभा यात्रा भी निकाली। अंधेरा होने से पहले दिल्ली दिवाली की तरह की जगमगाने लगी। आवासीय कालोनियों में लोग दीप जलाकर प्राण प्रतिष्ठा के बाद खुशी का इजहार किया।

दूसरी तरफ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली विधान सभा के कई आयोजनों में हिस्सा लिया। जबकि कैबिनेट मंत्री सौरभ भारद्वाज व आतिशी ग्रेटर कैलाश व कालकाजी में मौजूद रहीं। आप के दूसरे सभी विधायकों ने अपनी विधान सभाओं में सुंदर कांड का पाठ करने के साथ शोभा यात्रा निकाली और भंडारा लगाया।

राममय रही पूरी दिल्ली
आम दिल्लीवासियों ने भी प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव अपने अंदाज में मनाया। लोगों ने अपने इलाके की सजावट कर रखी थी। सभी बाजारें भी सजी थीं। रामनामी भगवा झंडे के साथ इसमें फूलों को भी इस्तेमाल हुआ था। कई जगह पर धूप बत्ती जलाकर पूजा की गई। काॅलोनियों में महिलाओं ने कलश यात्राएं निकाली। पूरे रास्ते यह राम की स्तुति करती रहीं। इसका सबकी छटा निराली लग रही थी। शोभायात्राओं के साथ बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक साथ-साथ चलते दिखे। दिन भर की सजावट शाम दीपों की रोशनी में और भी खूबसूरत दिख रही थी। बाजारों, कालोनियों से लेकर घरों तक में लोगों ने दीप जलाएं।

आप ने किया सुंदरकांड पाठ, शोभायात्रा निकाली
अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में जगह-जगह सुंदरकांड का पाठ किया। मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने नई दिल्ली में आयोजित कई कार्यक्रमों में भाग लेकर पूजा-अर्चना की और दिल्लीवासियों की सुख-शांति, समृद्धि और विकास की कामना की। अरविंद केजरीवाल ने आरके आश्रम मार्ग स्थित अल्बर्ट स्क्वायर में रामलला की मूर्ति स्थापना की। वह सबसे पहले नई दिल्ली विधानसभा स्थित उद्यान मार्ग पहुंचे। यहां उन्होंने रामायण पाठ और कीर्तन कार्यक्रम में हिस्सा लिया। इसके बाद भंडारे का प्रसाद ग्रहण कर पंचकुइयां रोड स्थित आरके आश्रम मार्ग मेट्रो स्टेशन पहुंचे। यहां वह प्राचीन संन्यास आश्रम शिव हनुमान मंदिर ट्रस्ट की ओर से आयोजित सुंदरकांड पाठ कार्यक्रम में शामिल हुए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *