वजन घटाने के लिए डाइट पर विशेष ध्यान देना जरूरी होता है। क्योंकि अगर आप वर्कआउट के साथ प्रॉपर डाइट नहीं फॉलो करते हैं। तो वजन घटाना थोड़ा मुश्किल हो जाता है। वहीं वेट लॉस के लिए कई लोग सप्लीमेंट और दवाइयों का भी सेवन करते हैं, लेकिन यह हमारी सेहत के लिए अच्छा नहीं माना जाता है। बता दें कि अगर आप भी हेल्दी तरीके से वेट लॉस करना चाहते हैं, तो इसके लिए हमारे किचन में कई चीजें मौजूद हैं।
वेट लॉस के लिए पुदीना काफी ज्यादा फायदेमंद होता है और यह पेट को भी ठंडा रखता है। लेकिन वजन घटाने के लिए पुदीने के सही सेवन का तरीका मालूम होना जरूरी है। पुदीने का सेवन पाचन तंत्र को स्वस्थ रखता है और मेटाबॉलिज्म बूस्ट होता है। ऐसे में आज इस आर्टिकल के जरिए हम आपको बताने जा रहे हैं कि वजन घटाने के लिए पुदीने का सेवन कैसे करना चाहिए।
पुदीने की चाय
आपके लिए पुदीने की चाय एक बढ़िया स्नैक्स हो सकती है। पुदीने का सेवन करने से मेटाबॉलिज्म बूस्ट होता है और जल्दी वेट लॉस होता है। आप दिन भर में कभी भी पुदीने की चाय का सेवन कर सकते हैं। पुदीने की चाय बनाने के लिए 10-15 ताजी पुदीने की पत्तियों को एक गिलास पानी में उबाल लें। जब पानी आधा हो जाए, तब गरमागरम इसका सेवन करें। आप चाहें तो इसमें शहद भी मिला सकते हैं।
खाली पेट पुदीने का सेवन
पुदीना हमारी सेहत के लिए फायदेमंद होता है। वहीं खाली पेट इसका सेवन अधिक लाभ पहुंचाता है। खाली पेट गुनगुने पानी के साथ 4-5 पुदीने की पत्तियों को चबाकर खाएं। इससे पाचन संबंधी समस्याओं में राहत मिलेगी और खाली पेट इसका सेवन करने से वजन भी कंट्रोल होगा।
पुदीने का रायता
गर्मियों में पुदीने का रायता भी आपको लाभ पहुंचा सकता है। यह स्वादिष्ट होने के साथ ही स्वास्थ्य के लिए भी फायदेमंद होता है। पुदीने का रायता बनाने के लिए इसकी पत्तियों को सुखाकर पाउडर बना लें। अब इसको रायते में मिक्स कर दें और थोड़ा काला नमक मिला लें। आप स्नैक्स के तौर पर रायते का सेवन कर सकते हैं। बता दें कि पुदीने की तासीर ठंडी होती है और इससे शरीर ठंडा रहता है। पुदीने वाले रायते का सेवन करने से वेट लॉस में भी मदद मिलेगी।
पुदीने का डिटॉक्स वाटर
अगर आप भी अपना वजन कंट्रोल करना चाहते हैं, तो पुदीने का डिटॉक्स वाटर का सेवन करते हैं। डिटॉक्स वाटर बनाने के लिए पानी की बोतल में पुदीने की कुछ पत्तियां डालकर रखें। इससे पानी में पुदीने का स्वाद और मिनरल्स दोनों आ जाते हैं। यह शरीर से टॉक्सिन्स निकालने में सहायता करता है और यह वेट लॉस में भी फायदेमंद होता है।
पुदीने की चटनी
इसके अलावा आप पुदीने के इस्तेमाल से व्यंजन बना सकती हैं। इससे डेली डाइट में पुदीना शामिल करना आसान होगा। आप खाने के साथ पुदीने की चटनी बना सकती हैं। यह आपके पाचन तंत्र के लिए भी लाभकारी होता है।

 
			 
			 
			