भाजपा कार्यकर्ता विपक्ष के झूठ और अफवाह का करेंगे पर्दाफाश : भूपेन्द्र चौधरी

लखनऊ । भारतीय जनता पार्टी(भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि भाजपा के पदाधिकारी भी कार्यकर्ता हैं, मैं भी कार्यकर्ता हूं। हम सब विपक्षियों के झूठ,अफवाह एवं तुष्टीकरण का जवाब देने के लिए कमर कसकर तैयार हो जाएं।

उन्होंने कहा कि मैं अध्यक्ष के रूप में आपको आश्वस्त करता हूँ कि कार्यकर्ता का सम्मान हमारी प्राथमिकता है, जिसके साथ कोई भी समझौता नहीं किया जाएगा। पार्टी अपने सभी कार्यकर्ताओं के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। उन्होंने कहा कि हम सब मिलकर संकल्प लें कि आगामी 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनावों में शत-प्रतिशत विजय श्री हासिल करेंगे। यह बातें वह भाजपा की प्रदेश कार्यसमिति को सम्बोधित करते हुए रविवार को कही।

उन्होंने कहा कि हम बूथ के कार्यकर्ताओं की ताकत और अपने मूलमंत्र प्रण अंत्योदय, पथ अंत्योदय और लक्ष्य अंत्योदय के माध्यम से देने के लिए कृतसंकल्पित है। कहा कि हम सभी कार्यकर्ता प्रत्येक बूथ पर घर-घर प्रत्येक मतदाता तक जाएंगें और अपनी सरकार के अंत्योदयी योजनाओं का प्रचार करेंगे और विपक्ष के झूठ और अफवाह का पर्दाफाश करेंगे।

भूपेन्द्र चाैधरी ने कहा कि हमारी अगली लड़ाई स्वार्थी परिवारवादियों और मोदी के परिवार के बीच है, राष्ट्र विरोधियों और राष्ट्रभक्तों के बीच में है, धर्म और अधर्म के बीच में है, तुष्टीकरण और संतुष्टीकरण के बीच में है, भ्रष्टाचारियों और सदाचारियों के बीच में है। 2047 में भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का मोदी जी का संकल्प को हम सभी कार्यकर्ता पूरा करने के लिए प्रतिबद्ध है। अभी से हम सभी कार्यकर्ताओं को कमर कस कर प्राण-पण से लग जाना है और 2027 के चुनाव में विरोधियों को मात देते हुए भाजपा की प्रचण्ड विजय को सुनिश्चित करना है।

उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, यहां तो मेरे जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को संगठन में कार्य करते-करते पार्टी का प्रदेश अध्यक्ष बना दिया। मैं प्रधानमंत्री, राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं शीर्ष नेतृत्व का आभारी हूँ, जिन्होंने भरोसा जताते हुये अध्यक्ष के रूप में मुझे आप लोगों के साथ काम करने का अवसर दिया है।

उन्होंने कहा कि 62 वर्षों में ऐसा पहली बार हुआ है कि किसी पार्टी को लगातार तीसरी बार केन्द्र में सरकार बनाने का अवसर प्राप्त हुआ है। हमारे करिश्माई नेता नरेन्द्र मोदी और कार्यकताओं के परिश्रम के बदौलत ही ऐसा सम्भव हो पाया है। विपक्ष के सारे दल मिलकर इतनी सीट भी प्राप्त नहीं कर सके जितनी भाजपा ने अकेले प्राप्त की है। कांग्रेस लगातार तीसरी बार 100 सीटें भी नहीं प्राप्त कर सकी है।

भूपेन्द्र सिंह चौधरी ने कहा कि हम चुनौतियों से निकल कर और मजबूत होने वाले लोग हैं। हमारे मातृ संगठन राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ पर बैन लगाया गया, देश पर आपातकाल थोपा गया, नब्बे के दशक में आतंकवाद, नक्सलवाद, जातिवादी शक्तियों के उभार, बंगाल केरल तथा कई राज्यों में विचारधारा के आधार पर हमारे कार्यकर्ताओं पर प्राण घातक हमलें, हमने सभी चुनौतियों को मुहतोड़ जवाब दिया और चन्दन की तरह शीतल रहते हुए, कुन्दन की तरह तप करके निकले है। और इन समाज विरोधी और राष्ट्र विरोधी ताकतों को परास्त करते हुए दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी के रूप में स्थापित है। भाजपा संख्या बल में दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी होने के साथ बूथ से लेकर प्रदेश तक संगठन के ताकत के आधार पर सबसे मजबूत पार्टी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *