अब एक ही परिवार के लोगों को मौका देने का जमाना गयाः मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

नई दिल्ली/भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को उत्तर पश्चिम दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र चांदोलिया एवं उत्तर पूर्वी दिल्ली लोकसभा सीट से भाजपा प्रत्याशी मनोज तिवारी के समर्थन में जनसभाओं एवं कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अब एक ही परिवार के लोगों को मौका देने का जमाना गया। अब तो गरीब और किसान परिवार से प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री बन रहे हैं।

बिहार-यूपी में कुछ राजनीतिक दलों में परिवारवाद हावी

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा बिहार, यूपी में कुछ राजनीतिक दलों में परिवारवाद इतना हावी हैं कि वे सारे पद अपने ही घर में रख लेते हैं। किसी को मौका ही नहीं देते, लेकिन भाजपा में ऐसा नहीं होता है। अगर ऐसा होता तो मुझे कौन मौका देता। भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास को लेकर चलती है। उन्होंने कहा कि उत्तरप्रदेश में कई दलों ने चार-चार बार सरकार बनाई, लेकिन आज तक वे मथुरा के अंदर भगवान श्रीकृष्ण को मुस्कुराहट नहीं दे पाए। जनता के पास वोट मांगने तो जाते थे, लेकिन वे भगवान श्रीराम, श्रीकृष्ण का मंदिर नहीं बनवा पाए। इतना ही नहीं ये तो इतने निष्ठुर है कि जब अयोध्या में भगवान श्रीराम का मंदिर बन गया तो वहां पर अब तक दर्शन करने के लिए भी नहीं जा सके हैं। ऐसे कांग्रेसियों के साथ समाजवादी वाले दोस्ती करते हैं।

यह लोकतंत्र है यहां पर सबका अधिकार

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लोकतंत्र है और इसमें सबको अधिकार है कि वे प्रधानमंत्री बने, मुख्यमंत्री बने, मंत्री, सांसद, विधायक बनें, लेकिन आज भी कांग्रेस में सिर्फ एक ही परिवार को सारे पद चाहिए। अब एक ही परिवार के लोगों को मौका देने का जमाना गया। देश में अब गरीब परिवार का बेटा प्रधानमंत्री बन सकता है, किसान परिवार का बेटा मुख्यमंत्री बन सकता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस या आम आदमी पार्टी के प्रत्याशी आएं तो उनसे पूछना कि हमारे धर्म से क्या परेशानी है? भगवान श्रीराम के मंदिर बनने में कांग्रेस ने क्यों अड़ंगे लगाए? भगवान श्रीकृष्ण ने हमें शिक्षा का महत्व समझाया। उन्होंने उज्जैन में सांदीपनी आश्रम में जो शिक्षा ली उसके बल पर महाभारत के कठिन समय में भी संयम रखते हुए गीता का वाचन किया। इतनी अच्छी शिक्षा को पाठ्यक्रम में शामिल होना चाहिए। लॉर्ड मैकाले की शिक्षा नीति ने केवल कागज की डिग्री लेने लायक बनाया। इससे हम जड़ों से कट रहे हैं। देश की आजादी के बाद शिक्षा नीति में सुधार हो सकता था, लेकिन कांग्रेस ने ऐसा नहीं किया। प्रधानमंत्री मोदी की पूर्ण बहुमत की सरकार बनी तो वर्ष 2020 में नई शिक्षा नीति आई। मप्र में हमने सबसे पहले नई शिक्षा नीति के तहत अपने देवी-देवताओं के प्रसंगों को पाठ्यक्रम में शामिल किया।

जितने भाजपा के कार्यकर्ता उतनी तो पाकिस्तान की जनसंख्या

डॉ. यादव ने कहा कि भाजपा दुनिया की सबसे बडी पार्टी है। हमारी सदस्यों की संख्या 25 करोड़ से ज्यादा है। पाकिस्तान की जनसंख्या 22 करोड़ है, उससे ज्यादा तो हमारी पार्टी में सदस्य हैं। हमें गर्व है कि हम उस पार्टी के कार्यकर्ता हैं, जिसका नेतृत्व प्रधानमंत्री मोदी जैसे व्यक्ति के हाथों में है।

अखिलेश यादव और राहुल गांधी की जोड़ी, बेमेल

उन्होंने कहा कि राहुल गांधी और अखिलेश यादव की जोड़ी बेमेल है, इनका कोई तालमेल नहीं है। समाजवादी पार्टी के स्व. मुलायम सिंह ने कांग्रेस पार्टी से हमेशा से नफरत की थी और उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी को शुभकामना दी थी। अभी ये अवसर परस्ती की दोस्ती कितनी चलेगी, आप भी देखोगे, हम भी देखेंगे। राहुल गांधी सभाओं में संविधान की किताब दिखा रहे हैं। राहुल गांधी उस संविधान के बजाय दूसरी कोई किताब दिखाकर मूल संविधान और बाबा साहब की आत्मा के साथ खिलवाड़ कर रहे हैं।

केजरीवाल बहन-बेटियों को पिटवाते हैं

मुख्यमंत्री डॉ यादव ने अरविंद केजरीवाल पर तंज कसते हुए कहा कि उनको मालूम है कि उन्हें 2 दिन के बाद कहां जाना है? कौन डर गया है? जमानत पर कौन आया है? जमानत निरस्त कराएं, अभी अंदर चले जाएंगे। बड़े दुर्भाग्य के साथ कहना पड़ रहा है कि इतने बड़ी जवाबदारी वाली जगह पर रहकर, कितनी हल्केपन की राजनीति करते हैं। आप बहन-बेटी का अपमान कर रहे हो, ये गलत बात है। कांग्रेस और आप पार्टी सब मिलकर गठबंधन करती है और इस ढंग के हालात करती है कि पहले घर के अंदर आईएएस अधिकारी, चीफ सेक्रेटरी को मारते हैं और अब बहन को पिटवाते हैं और अपने पीए को बचाने के लिए नाटक करते हैं। यह जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *