जम्मू-कश्मीर के आठ जिलों में हिमस्खलन की चेतावनी

श्रीनगर । अधिकारियों ने शुक्रवार को जम्मू-कश्मीर के आठ जिलों के लिए निम्न और मध्यम खतरे के स्तर के हिमस्खलन की चेतावनी जारी की है। इस संबंध में लोगों को सावधानी बरतने और अगले निर्देश तक हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी गई है। जम्मू-कश्मीर आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (जेकेडीएमए) ने एक बयान में कहा कि अगले 24 घंटों में बांदीपोरा, बारामूला, कुपवाड़ा और गांदरबल जिलों में 2400 मीटर से ऊपर कम खतरे के स्तर वाला हिमस्खलन होने की संभावना है। इसमें यह भी कहा गया है कि अगले 24 घंटों में डोडा, किश्तवाड़, पुंछ और रामबन जिलों में 3000 मीटर से ऊपर मध्यम खतरे के स्तर वाला हिमस्खलन होने की संभावना है। जेकेडीएम ने इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को सावधानी बरतने और हिमस्खलन संभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की सलाह दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *