मंडी लोकसभा सीट पर हर हाल में करेंगे जीत दर्ज : मुकेश अग्निहोत्री

कुल्लू । मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस काबिज है तथा कांग्रेस ने लोक निर्माण मंत्री विक्रमादित्य सिंह को प्रत्याशी बनाया है। वीरभद्र सिंह प्रदेश के जहां 6 बार मुख्यमंत्री रहे तो वहीं केंद्रीय मंत्री भी रहे हैं। यह उनकी कर्मस्थली रही है। विक्रमादित्य सिंह विकास की राजनीति करने वाले युवा नेता हैं।प्रदेश की जनता को उनसे काफी उम्मीद है। हम मंडी लोकसभा सीट पर हर हाल में जीत दर्ज करेंगे। यह बात प्रदेश के उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शुक्रवार को माता हडिंबा मंदिर मनाली में शीश नवाने के बाद कही।

उन्होंने कहा कि भाजपा ने कंगना को प्रत्याशी बनाया है लेकिन आजतक जितने भी फिल्म स्टार राजनीति में आए हैं वह जल्दी ही राजनीति छोड़ गए। किसी ने भी विकास और कल्याण की राजनीति नहीं की। विक्रमादित्य सिंह विकास, कल्याण और गरीब की सेवा की राजनीति करेंगे।

मुकेश अग्निहोत्री ने कहा हम मुद्दों की राजनीति करेंगे। कंगना कहां से आई। उनकी क्या पृष्ठभूमि है। हमें इन बातों से कोई सरोकार नहीं है।

उन्होंने कहा भाजपा ने कांग्रेस की स्थिर सरकार को गिराने का असफल प्रयास किया है। प्रदेश की जनता के सामने भाजपा की पोल खुल चुकी है। कांग्रेस को मात्र एक सीट की आवश्यकता है और भाजपा को 10 एमएलए की आवश्यकता है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा बार बार कह रही है कि वह सरकार बनाने जा रही है जो संभव ही नहीं है। हमारी सरकार पूर्ण रूप से स्थिर है। उन्होंने कहा सरकार गिराने की लालसा में जो भाजपा ने खेल खेला है उससे भाजपा ने लोकसभा का भी गणित बिगाड़ लिया है। सरकार गिराने में जयराम ठाकुर की मुख्य भूमिका रही है। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *