कांग्रेस वा सपा राम विरोधी के साथ-साथ देश विरोधी भी : मुख्यमंत्री योगी

बलरामपुर । जब कांग्रेस सत्ता में थी मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तो उन्होंने कहा था कि देश के संसाधनों पर पहला हक मुसलमान का है, आज सपा, कांग्रेस गठबंधन के लोग एक नया षड्यंत्र कर रहे हैं गरीबी हटाने के नाम पर यह लोग वरासत टैक्स की बात कर रहे हैं। जो औरंगजेब के जजिया कर की तरह है। भाजपा ऐसा नहीं होने देगी।

उक्त बातें मंगलवार को उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिले में गैसड़ी विधानसभा के विशुनपुर विश्राम में आयोजित एक चुनावी जनसभा को संबोधित करते हुए कही।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई में पूरे दुनिया में भारत का सम्मान बढ़ा है। पूरे दुनिया में कोई भी भारत विरोधी को आश्रय नहीं दे सकता। यह नया भारत है। कांग्रेस व सपा गठबंधन के लोग देश विरोधी, राम विरोधी और गरीब विरोधी हैं। यह अनुसूचित जाति, जनजाति और पिछड़ी जाति के लोगों के हक पर सेंधमारी का कुत्सित प्रयास कर रहे हैं। उनके द्वारा जो षडयंत्र होने जा रहा है, उसके प्रति हम सभी को आगाह रहने की जरूरत है। यह देश हमारा है, हमें ही देश के विकास के लिए फैसाला लेना होगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस व सपा के लोगों ने जनता को विकास के लिए तरसाया है।

उन्होंने कहा कि सपा सरकार में बलरामपुर सबसे पिछड़े जनपदों की श्रेणी में रहा है, आज बलरामपुर की गिनती विकसित जनपदों में हो रही है। यहां मां पाटेश्वरी जी के नाम पर विश्वविद्यालय का कार्य प्रगति पर है, अटल जी के नाम पर मेडिकल कॉलेज है। उन्होंने कहा कि यहां की सड़कें इतनी खराब थी कि यहां पर चलना मुश्किल था। जब वह सड़क मार्ग से गोरखपुर से मंदिर देवीपाटन पहुंचते थे तो उन्हें छह घंटा लगता था, गोंडा से आने में चार घंटा लगता था, आज गोंडा से 45 मिनट लगते हैं।

उन्होंने कहा कि सपा व कांग्रेस के समय गरीब भूख से मरता था, किसान आत्महत्या करता था, रोजगार के लिए युवा पलायन को मजबूर था। पहले योजनाओं का रुपया कमीशन के भेंट चढ़ जाता था, आज लाभार्थियों के जन-धन बैंक खाते में सीधा ट्रांसफर होता है। उन्होंने बताया कि 12 करोड़ किसानों को किसान सम्मान निधि, 12 करोड़ घरों में शौचालय बनवाए गए, 10 करोड़ लोगों में उज्जवला गैस कनेक्शन दिया गया,60 करोड़ लोगों के आयुष्मान स्वास्थ्य कार्ड बनाये गये। 70 वर्ष के ऊपर जो बुजुर्ग बीमार होंगे, उनका हर वर्ष पांच लाख रुपये तक इलाज होगा।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जनता जनार्दन की सेवा कर रही है। भाजपा सबका साथ सबके विकास सबके विश्वास की साथ काम करती है। बिना भेदभाव योजनाओं क लाभ सभी को मिला है। कहा कि जब देश की जनता फिर एक बार नरेंद्र मोदी की सरकार की बात करती है, चार सौ पार की बात करती है, तो यह विरोधी लोग लोग कहते हैं कहां से आएगा, जनता कहती है जो राम को लाए हैं हम उनको लायेंगे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जिन लोगों ने विकास के लिए जनता को तरसाया है, उन लोगों जमानत जप्त करने का कार्य कीजिए। भाजपा के लोकसभा प्रत्याशी साकेत मिश्रा, गैसड़ी विधानसभा के उपचुनाव के प्रत्याशी शैलेश सिंह शालू को भारी मतों से जीतने की अपील करते हुए कहा कि सभी लोग प्रतिदिन पांच-पांच घरों पर जाकर देश की सुरक्षा के लिए, गरीब कल्याण के लिए, विकसित भारत के लिए मोदी जी का संदेश पहुंचाइये और 25 मई को मतदान के दिन कमल खिलाते हुए पहले मतदान फिर जलपान कीजिए। उन्होंने सभी से हाथ उठाकर फिर एक बार नरेंद्र मोदी की सरकार का संकल्प लोगों को दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *