चतरा में अपराह्न तीन बजे तक 58 फीसदी मतदान, महिलाओं में विशेष उत्साह

चतरा। देश में पांचवें और झारखंड के दूसरे चरण के मतदान के दौरान सोमवार को चतरा लोकसभा क्षेत्र में दोपहर बाद तीन बजे तक 58 प्रतिशत मतदान हुआ। चुनाव को लेकर महिलाओं में विशेष उत्साह दिखा। महिलाएं घर की देहरी लांघकर मतदान केंद्र तक पहुंची और कतारबद्ध होकर मताधिकार का प्रयोग किया।

कई स्थानों पर महिलाएं छोटे बच्चों को गोद में लेकर बूथ तक पहुंची थी। उमस और गर्मी भरे माहौल में मतदाता सुबह 6.30 बजे से ही मतदान केंद्रों में वोटिंग के लिए कतार में लगने लगे थे। पहले मतदान फिर जलपान का अनुसरण कर महिलाएं मतदान के लिए तत्पर दिखीं। युवतियों और बुजुर्ग महिलाओं में भी उत्साह दिखा। सिमरिया और चतरा विधानसभा क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों में लाठी के सहारे वृद्ध मतदाता पहुंचे।

पहली बार मतदाता बनी युवतियों में भी वोट करने को लेकर खासा उत्साह देखा गया। नई नवेली दुल्हनें घूंघट की ओट में लाईन में खड़ी मतदान के लिए अपनी बारी की प्रतीक्षा कर रही थी। रंग-बिरंगे परिधानों में सज-धज कर महिलाएं बूथों पर पंक्तिबद्ध थी। मतदान को लेकर अल्पसंख्यक समुदाय की महिलाओं में भी जबरदस्त उत्साह दिखा। सिमरिया विधानसभा क्षेत्र के सिंघानी, नावाडीह और बरवाडीह बूथ में उनकी दमदार उपस्थिति दिखी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *