सलेमपुर से सपा के रमाशंकर राजभर ने भाजपा के रविंदर कुशवाहा को दी मात

बलिया। सलेमपुर में भाजपा और सपा के बीच कांटे के संघर्ष में सपा ने भाजपा को हैट्रिक लगाने रोक दिया और पंद्रह सालों बाद फिर से इस सीट पर जीत हासिल कर लिया। भाजपा के रविंदर कुशवाहा को 3573 मतों से मात देने वाले सपा के रमाशंकर राजभर को निर्वाचन अधिकारी ओजस्वी राज ने विजय का प्रमाण पत्र सौंपा।

बलिया जिले में सलेमपुर लोकसभा के तीन विधानसभा क्षेत्र हैं बेल्थरारोड, सिकन्दरपुर और बांसडीह। जबकि देवरिया जिले की भाटपाररानी और सलेमपुर विधानसभा क्षेत्र भी इसी का हिस्सा है। सलेमपुर लोकसभा से भाजपा ने रविंदर कुशवाहा को लगातार तीसरी बार टिकट दिया था। 2014 और 2019 में भारी बढ़त के साथ चुनाव जीत कर संसद पहुंचे रविंदर कुशवाहा के मुकाबले सपा ने एक बार सांसद रहे रमाशंकर राजभर को उतारा था। राजभर मतों में सेंधमारी और बहुजन समाज पार्टी के कमजोर प्रदर्शन की बदौलत रमाशंकर राजभर ने लगातार तीसरी बार हैट्रिक लगाने उतरे रविंदर कुशवाहा को कड़ी टक्कर दी। हालात ये रहे कि हर राउंड में दोनों एक दूसरे आए आगे और पीछे होते रहे। दोनों के बीच कई बार सौ मतों से भी कम का अंतर रहा। आखिरकार सपा के रमाशंकर राजभर ने भाजपा के रविंदर कुशवाहा को बहुत कम मतों से पराजित कर दिया। कुल पड़े मतों 917622 में से सपा को 405472 मत व भाजपा को 401899 मत मिले। यहां बसपा को सिर्फ 80599 वोट हासिल हुए।

उल्लेखनीय है कि भाजपा सिर्फ भाटपाररानी और बांसडीह में ही बढ़त बना सकी। जबकि बेल्थरारोड, सलेमपुर और सिकन्दरपुर विधानसभा क्षेत्र में सपा ने निर्णायक बढ़त हासिल कर ली। भाजपा के रविंदर कुशवाहा को लेकर भाजपा के ही समर्थकों के एक वर्ग में नाराजगी भी इस हार की एक वजह मानी जा रही है। साथ ही ओमप्रकाश राजभर के एनडीए में होने के बावजूद राजभर मतों का बिखराव भाजपा के लिए मुसीबत बना। बसपा का अपना बेस वोट भी हासिल न कर पाना भी भाजपा के हार की वजह बनी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *